यमुनानगर:धान खरीद में देरी के खिलाफ किसानों ने किया प्रदर्शन

 


यमुनानगर, 14 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले में धान खरीद में आ रही दिक्कतों, मंडियों में फसल उठान में देरी और पोर्टल सत्यापन की समस्याओं को लेकर किसानों ने बुधवार को पांच स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने रादौर, जगाधरी, बिलासपुर, साढौरा और छछरौली में मार्केट कमेटी कार्यालयों के बाहर धरना देकर खरीद व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई। किसानों ने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया में बाधाओं के कारण उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में इंतजार करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी हरपाल सुढैल ने कहा कि धान खरीद में नमी सहित अन्य शर्तें किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। गेट पास जारी होने और पोर्टल सत्यापन में आने वाली समस्याओं से भी खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

खुले में रखी धान की फसल भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका है। किसानों ने मांग की कि मंडियों में पहुंचने वाली फसल की खरीद जल्द की जाए और उठान व्यवस्था में तेजी लाई जाए। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सुबह से दोपहर तक प्रदर्शन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।

जगाधरी अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के चेयरमैन विपुल गर्ग और राकेश त्यागी किसानों से मिलने पहुंचे। किसान नेता हरपाल सुढैल ने धान का भाव 3,100 रुपये प्रति क्विंटल करने और गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई। किसान नेताओं ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिएं। किसानों ने स्पष्ट किया कि मंडियों में खरीद, गेट पास और पोर्टल सत्यापन से जुड़ी समस्याओं का समाधान जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार