यमुनानगर:11 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता लड़की ने बच्चे को जन्म दिया, आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 29 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र से सामने आया एक मामला पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। महज 11 वर्ष की एक बच्ची, जो अभी पांचवीं कक्षा में पढ़ती है, ने जिला नागरिक अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं, जबकि पीड़िता की कम उम्र को देखते हुए उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नाबालिक की मां के द्वारा दी गई शिकायत में नाबालिग लड़की के साथ क्षेत्र के ही रहने वाले राकेश ने दुष्कर्म किया था,जो एक फैक्ट्री में ड्राइवर है।
मामले की जानकारी मिलते ही चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़िता की स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने नवजात बच्ची को आगे की देखभाल एवं पुनर्वास के लिए सी-डब्ल्यू-सी के संरक्षण में सौंपने पर सहमति जताई है। पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब कुछ माह पहले स्कूल में बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच में उसके गर्भवती होने का पता चला। उस समय गर्भावस्था लगभग सात माह की थी, इसलिए चिकित्सकीय कारणों से गर्भसमापन संभव नहीं था। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने एक फैक्ट्री मालिक के ड्राइवर के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर बच्ची को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सामान्य प्रसव के दौरान उसने एक बच्ची को जन्म दिया। कम आयु के कारण उसे कुछ दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार