हांसी : राव तुलाराम के नाम पर द्वार बनाने की मांग पर यादव समाज ने की महापंचायत
विधायक के अनुरोध पर 11 सदस्यीय कमेटी गठित
हांसी, 14 जून (हि.स.)। दिल्ली की ओर से हांसी
में प्रवेश द्वार पर प्रस्तावित ‘महाराजा अरूट द्वार’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार को शहीद राजा राव तुलाराम चौक संघर्ष
समिति हांसी के प्रधान एडवोकेट चंद्रभान यादव की अगुवाई व मिलकपुर गांव के पूर्व सरपंच
रामस्वरूप यादव की अध्यक्षता में महापंचायत का आयोजन किया गया।
शहीद राव तुलाराम चौक
पर आयोजित सभा में शामिल होने आए हजारों लोगों द्वारा शहीद राजा राव तुलाराम के नाम
पर द्वार के निर्माण की पुरजोर मांग उठाई गई। सभा को पूर्व सांसद डीपी यादव, नरेश यादव, युवा
समाजसेवी गगन यादव, शहीद राजा राव तुलाराम चौक संघर्ष समिति हांसी के प्रधान एडवोकेट
चंद्रभान यादव, रिटायर्ड एसडीओ डीपी यादव, हरेंद्र यादव, सुरजीत यादव व ईश्वर शास्त्री
समेत कई अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर नरेश यादव ने कहा कि राव तुलाराम द्वार
की मांग पूरी तरह समाज की भावना से जुड़ी है। और इसे राजनीति से जोड़ना गलत है। यादव
समाज ने केवल अपने महापुरुष के सम्मान में मांग रखी है, किसी अन्य समाज या महापुरुष
का विरोध नहीं किया। यादव और पंजाबी समाज के बीच भाईचारा हमेशा रहा है और आगे भी बना
रहेगा।
पूर्व सांसद डीपी यादव के साथ आए गगन यादव ने
समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के हितों के लिए संघर्ष करने
वाले लोग हर परिस्थिति में साथ खड़े रहेंगे। मजबूत नेतृत्व और संगठन ही समाज की सबसे
बड़ी ताकत है।
पूर्व सांसद डीपी यादव ने राव तुलाराम को देश
का महान स्वतंत्रता सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि उनका सम्मान पूरे देश का सम्मान
है।
डीपी यादव ने विधायक विनोद भयाना से अपील की कि वे स्वयं राव तुलाराम की प्रतिमा
का अनावरण करें, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। लोकतंत्र में जनता की भावनाओं
और समाज की राय का सम्मान होना चाहिए। सभा के दौरान विधायक विनोद भयाना का संदेश लेकर
पहुंचे वेद नारंग ने बताया कि विधायक ने विवाद सुलझाने के लिए 11 सदस्यीय कमेटी बनाने
का प्रस्ताव दिया है। विधायक ने कहा है कि दोनों पक्षों की कमेटी बातचीत कर आपसी सहमति
से समाधान निकालेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर