यमुनानगर में भारतीय मजदूर संघ का रोष मार्च, लंबित मांगों को लेकर सरकार को सौंपा ज्ञापन

 


यमुनानगर, 01 जुलाई (हि.स.) भारतीय मजदूर संघ (हरियाणा) के बैनर तले बुधवार को यमुनानगर में कर्मचारियों और श्रमिकों ने कन्हैया साहिब चौक से उपायुक्त कार्यालय तक रोष मार्च निकाला। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र उपायुक्त को सौंपा। संघ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिनका अभी तक समाधान नहीं किया गया है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

भारतीय मजदूर संघ के जिला नेता सतीश धीमान और राज ठाकुर ने बताया कि 26 अप्रैल को गुरुग्राम में आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की थी कि 15 जून तक सेवा सुरक्षा के पात्र कर्मचारियों को ऑफर लेटर जारी किए जाएंगे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद न तो कोई वार्ता हुई और न ही कोई ऑफर लेटर जारी किया गया। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे, संविदा, आउटसोर्स और एचकेआरएन कर्मचारियों के लिए समान काम-समान वेतन, सेवा सुरक्षा नियम-2024 का लाभ, पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों के नियमितीकरण, रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से शामिल किया है। संघ नेताओं ने बताया कि ज्ञापन में बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य, नगर निकाय, पंचायत, सहकारी, आंगनबाड़ी और अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याएं भी उठाई गई हैं। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार