हिसार : लुवास टीम ने युवा रेडक्रॉस शिविर में जीता ‘बेस्ट टीम’ पुरस्कार
कुलपति ने शिष्टाचार भेंट में टीम को दी बधाई
हिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। युवा रेड क्रॉस सोसायटी
की ओर से गुरु गोरखनाथ गवर्नमेंट कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में लाला लाजपत
राय यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज (लुवास) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन
करते हुए ‘बेस्ट टीम’ पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस शिविर में
जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा, नेतृत्व, स्वास्थ्य
जागरूकता एवं टीमवर्क से संबंधित अनेक गतिविधियों में भाग लिया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुलपति सचिवालय में
टीम सदस्यों ने साेमवार काे कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कुलपति
ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक
जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करती हैं तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को ऐसे
आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। कुलपति के नेतृत्व एवं छात्र कल्याण निदेशक
डॉ. संदीप गुप्ता के मार्गदर्शन में लुवास की टीम ने पूरे समर्पण के साथ शिविर में
भाग लिया। टीम के संयोजक डॉ. मान सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
टीम के सदस्यों अभिनव तुरान, अभिनव दहिया, करमेन्द्र,
मोहित और निखिल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी
करते हुए अनुशासन, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया। समापन समारोह
में निर्णायकों ने लुवास टीम के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें ‘बेस्ट
टीम’ पुरस्कार से सम्मानित
किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर