हिसार : सीनियर टेनिस में योगेश कोहली का शानदार प्रदर्शन, 2026 का 11वां अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता
सिंगल्स में चैंपियन, डबल्स में रहे रनर-अप; स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद
हासिल की उपलब्धि
हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सीनियर टेनिस खिलाड़ी योगेश कोहली ने शानदार प्रदर्शन
करते हुए वर्ष 2026 का अपना 11वां अंतरराष्ट्रीय खिताब जीत लिया। उत्तराखंड के नैनीताल
जिले के चूनाखान स्थित ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में आयोजित सीनियर टेनिस प्रतियोगिता में
योगेश कोहली ने सिंगल्स वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि डबल्स वर्ग में रनर-अप रहे।
स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा
और जुझारूपन का परिचय दिया।
योगेश कोहली ने गुरुवार काे कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सीनियर टेनिस प्रतियोगिताओं में
सफलता के लिए कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और फिटनेस पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इन
प्रतियोगिताओं में देश-विदेश के अनुभवी और शीर्ष स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं,
जिससे मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में लगातार
मिल रही सफलताओं का सकारात्मक असर उनकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग पर भी पड़ रहा है।
योगेश कोहली पिछले एक दशक से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टेनिस का नाम रोशन
कर रहे हैं। वर्ष 2016 से वह लगातार आईटीएफ मास्टर्स टेनिस सर्किट में शानदार प्रदर्शन
कर रहे हैं। अपने निरंतर प्रदर्शन के बल पर उन्होंने सीनियर टेनिस की अंतरराष्ट्रीय
प्रतियोगिताओं में मजबूत पहचान बनाई है। वर्ष 2026 उनके करियर का ऐतिहासिक वर्ष साबित
हो रहा है और चूनाखान में मिली यह सफलता उनके खिताबी सफर में एक और उपलब्धि जुड़ गई
है।
योगेश कोहली ने कहा कि उनका प्रयास आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी
इसी निरंतरता को बनाए रखते हुए देश के लिए गौरव हासिल करना है। उन्होंने अपनी सफलता
में जीजेयू टेनिस कोर्ट और हिसार टेनिस अकादमी, डीएन कॉलेज में उनके साथ अभ्यास करने
वाले खिलाड़ियों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर