हिसार ने हरियाणा जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 37 पदक, तीसरे स्थान पर रहा
भिवानी 60 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन, फतेहाबाद ने 42 पदक जीतकर हासिल किया
दूसरा स्थान
हिसार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में हुई तीन
दिवसीय 39वीं हरियाणा स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में हिसार के खिलाड़ियों
ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 पदक जीतकर ओवरऑल पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल
किया। भिवानी 60 पदकों के साथ चैंपियन बना, जबकि फतेहाबाद ने 42 पदक जीतकर दूसरा स्थान
हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों के 353 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु
वर्गों में भाग लिया और पदक जीते।
हिसार के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण, 16 रजत और 8 कांस्य समेत
कुल 37 पदक अपने नाम किए। भिवानी ने 26 स्वर्ण, 20 रजत और 14 कांस्य सहित 60 पदक जीते।
वहीं फतेहाबाद के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 15 रजत और 13 कांस्य समेत कुल 42 पदक हासिल
किए।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक व मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़
ने मंगलवार काे बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 जिलों के लड़के और लड़कियों ने
विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के
आधार पर नेशनल जूनियर चैंपियनशिप के लिए हरियाणा टीम का चयन किया जाएगा। सभी पदक विजेता
खिलाड़ियों को एथलेटिक्स हरियाणा की ओर से सम्मानित किया गया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार
मिटान और एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को
बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलेवार पदक तालिका
भिवानी-60, फतेहाबाद-42, हिसार-37, जींद-32, झज्जर-26, सोनीपत-23, पानीपत-22,
फरीदाबाद-17, चरखी दादरी-16, महेंद्रगढ़-15, रोहतक-15, कैथल-11, रेवाड़ी-आठ, सिरसा-सात,
गुरुग्राम-दह, करनाल-पांच, अंबाला-चार, कुरुक्षेत्र-तीन, पंचकूला-दाे, यमुनानगर-एक और पलवल-एक पदक।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर