हिसार : कुलाना की बेटी कोमल ने दो मेडल जीतकर किया क्षेत्र का नाम रोशन
कोमल ने लिया सांसद सैलजा से
आशीर्वाद
हिसार, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव कुलाना
की होनहार बेटी कोमल माहर ने इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते
हुए लगातार दो मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को कोमल डाबड़ा चौक
स्थित सांसद कुमारी सैलजा से आशीर्वाद लेने पहुंची।
इस अवसर पर सांसद कुमारी सैलजा ने कोमल को मेडल
जीतने और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर हार्दिक बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना
की। उन्होंने कोमल से खेल की बारीकियों के बारे में जानकारी ली और खेल के दौरान आने
वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की। सांसद कुमारी सैलजा ने अपने संदेश में कहा की कोमल
माहर जैसी प्रतिभावान बेटियां हमारे समाज और देश का गौरव हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद
अपनी कड़ी मेहनत और अटूट हौसले के दम पर उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है वह बेहद प्रेरणादायक
है।
इस मौके पर मौजूद कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट
के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने बताया की पिछड़े समाज से संबंध रखने
वाली कोमल माहर ने अपनी मेहनत, लगन और अदम्य साहस से न केवल जिला हिसार बल्कि पूरे
देश का नाम विश्व स्तर पर ऊंचा किया है।इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में लगातार
गोल्ड मेडलिस्ट रहते हुए उन्होंने 52 किलो और 57 किलो भार वर्ग में जूनियर व सीनियर
दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। साथ ही दोनों वर्गों में राष्ट्रीय
रिकॉर्ड बनाना भी एक बड़ी उपलब्धि है।कोमल ने अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते
हुए 211 किलो डेडलिफ्ट के साथ विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।
इसके अलावा 526 किलो
कुल वजन उठाकर एशिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया
है। कोमल की यह उपलब्धि केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मेहनत, अनुशासन और दृढ़
संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां
हासिल करेंगी। इस अवसर पर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल
बहादुर खोवाल, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, एडवोकेट बजरंग इंदल, जगदीश बिश्नोई, सम्मत
राम माहर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर