हिसार : 217 संकल्पों में से 54 पूरे, लाडो लक्ष्मी योजना से महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा : नायब सिंह सैनी

 


मुख्यमंत्री ने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण करवाने का किया

आह्वान

पात्र महिलाओं को 2100 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में जारी

हिसार, 26 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश

सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 54 संकल्पों को

सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इनमें महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण

संकल्प ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ भी शामिल है, जो प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा

में मील का पत्थर साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी शुक्रवार को भारत की प्राचीनतम सभ्यता की गौरवशाली धरोहर पावन

भूमि राखीगढ़ी में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव के अवसर पर उपस्थित

जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चुनावी वादों को धरातल

पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं

से लाडो लक्ष्मी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो महिलाएं

अभी तक इस योजना से नहीं जुड़ी हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने बताया

कि पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र महिलाओं को 2100 रुपये

की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने जानकारी

दी कि योजना के अंतर्गत अब तक लाभार्थियों के खातों में दो किस्तें डाली जा चुकी हैं

और लगभग 10 लाख महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया है।

राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं शोध केंद्र के रूप में विकसित करने के

लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं

शोध केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां विश्वस्तरीय पुरातत्व

संग्रहालय, शोध संस्थान, पर्यटक सुविधाएं तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास किया जा

रहा है। मुख्यमंत्री

ने कहा कि राखीगढ़ी की खुदाई से यह भी स्पष्ट होता है कि प्राचीन समाज में महिलाओं

को सम्मान और समान अवसर प्राप्त थे। आज हरियाणा की बेटियां उसी परंपरा को आगे बढ़ाते

हुए खेल, शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और सेना में देश का नाम रोशन कर रही हैं। राज्य

सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता

से जुड़ी अनेक योजनाएं लागू कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर