हिसार : कचरा उठान पर सफाई कर्मचारियों व पुलिस में टकराव

 


महिलाओं ने पुलिस पर फेंकी कचरे की थैलियां

हिसार, 27 अगस्त (हि.स.)। शहर में सफाई व्यवस्था

बहाल करने के लिए नगर निगम की ओर से कचरा उठान की कोशिश गुरुवार को सातरोड़ में टकराव

में बदल गई। हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने पुलिस सुरक्षा के बीच कचरा उठाने पहुंची

निगम की टीम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिला और पुरुष

कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए कचरा उठान रुकवाने का प्रयास किया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की

कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान शुरू हो गई। कुछ महिला सफाई

कर्मचारियों ने सड़क पर पड़ा कचरा और कचरे की थैलियां उठाकर पुलिसकर्मियों की ओर फेंक

दीं, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दरअसल, हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को पहले ही

भनक लग गई थी कि प्रशासन पुलिस बल की मौजूदगी में सातरोड़ क्षेत्र से कचरा उठाने की

कार्रवाई करने वाला है। निगम की टीम जैसे ही पुलिस सुरक्षा के साथ मौके पर पहुंची,

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उसे घेर लिया। महिला और पुरुष कर्मचारियों ने नारेबाजी

करते हुए निगम की कार्रवाई का विरोध किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या

में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रही महिला

सफाई कर्मचारियों को पीछे हटाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से कुछ प्रदर्शनकारियों

को हिरासत में लेकर बस में बैठाने की कोशिश की गई, लेकिन कर्मचारियों ने इसका भी विरोध

शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही। विरोध कर

रही महिलाओं ने सड़क पर बिखरा कचरा और थैलियां उठाकर पुलिस की ओर फेंकनी शुरू कर दीं।

पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने और स्थिति को नियंत्रण में लेने

का प्रयास किया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सातरोड़ क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना

रहा।

सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए निगम ने कसी कमर

शहर में कई दिनों से जगह-जगह जमा कचरे के बीच

नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी

में गुरुवार को निगम की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में कचरा उठान कराया गया। प्रशासन

का प्रयास है कि हड़ताल के कारण जमा हुए कचरे को जल्द से जल्द हटाकर शहर की सफाई व्यवस्था

को सामान्य किया जाए। हालांकि, सातरोड़ में कर्मचारियों के विरोध के चलते निगम की टीम

को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर