यमुनानगर:स्कूटी रैली में सुरक्षा नियमों की अनदेखी
यमुनानगर, 15 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में आयोजित स्कूटी रैली के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी सामने आने से कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया। महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। रैली की शुरुआत बुधवार सुबह डीएवी गर्ल्स कॉलेज के मुख्य द्वार से हुई, जहां विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्यारा चौक, फव्वारा चौक से गुजरी व पुनः कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। कार्यक्रम में खेल मंत्री गौरव गौतम की उपस्थिति प्रस्तावित थी, लेकिन उनका दौरा निजी कारणों से रद्द हो गया।
रैली के दौरान अधिकांश प्रतिभागियों ने हेल्मेट का उपयोग नहीं किया। यहां तक कि नगर निगम मेयर सुमन बहमनी भी बिना हेल्मेट स्कूटी चलाती नजर आईं। सार्वजनिक मंच पर इस प्रकार की लापरवाही ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुमन बहमनी ने कहा कि रैली के पश्चात छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा और भविष्य में हेल्मेट के उपयोग को सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
वहीं भाजपा नेत्री प्रीति जोहर ने स्वीकार किया कि आयोजन के दौरान कुछ कमियां रह गईं, जिन्हें आगे सुधारने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मेयर ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत लोकसभा व राज्य विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी मिलेगी और समाज में लैंगिक समानता को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार