हिसार : समूहों से जुड़कर स्वरोजगार व उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रही महिलाएं : शिवराज चौहान
रक्षाबंधन पर मंत्री चौहान ने स्वयं सहायता समूह
की महिलाओं से किया संवाद
वर्चुअल कार्यक्रम में हिसार और हांसी की महिलाओं
ने लिया हिस्सा
हिसार, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं
सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। कार्यक्रम में हरियाणा
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हिसार और हांसी जिले के विभिन्न खंडों से बड़ी संख्या
में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन
में कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों से
जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं तथा परिवार की
आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं से केंद्र और
राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने
का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर भारत
के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं से स्वयं
सहायता समूहों की गतिविधियों को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को
इनसे जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया
कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी
माध्यम बन रहे हैं। समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं
और वे विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया
कि हिसार और हांसी जिलों के सभी खंडों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने कार्यक्रम
में सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर