वैशाली तोमर ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में संभाला पदभार
-बहन, बेटियों की सुरक्षा की योजनाओं को धरातल पर उतारना मुख्य लक्ष्य
चंडीगढ़, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री व प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर ने बुधवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पंचकूला स्थित महिला आयोग के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने संवैधानिक पद की जिम्मेदारियां संभालीं। इस अवसर पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी तथा उपाध्यक्ष मीना परमार सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव द्वारा जारी आदेशानुसार, राज्यपाल द्वारा गुरुग्राम निवासी वैशाली तोमर को तत्काल प्रभाव से इस पद पर नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने के उपरांत वैशाली तोमर ने कहा कि मुझ पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके लिए मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रदेश की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करूंगी।
वैशाली तोमर ने कहा कि हरियाणा में बेटियों के जन्म से लेकर आजीवन उनकी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।
गौरतलब है कि भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय वैशाली तोमर ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की मीडिया प्रभारी, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और महिला मोर्चा में मीडिया प्रभारी के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा