हिसार : अवसर व सुरक्षा मिलने पर हर ऊंचाई छू सकती महिलाएं : रेनू कादियान

 


महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज और देश होगा

मजबूत

हिसार, 07 मार्च (हि.स.)। भगत सिंह फाउंडेशन

की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू कादियान ने कहा है कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी मेहनत,

प्रतिभा और साहस के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा,

खेल, प्रशासन, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं

और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

निरंतर महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्ति के क्षेत्र

में कार्य कर रही रेनू कादियान ने शनिवार काे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कहा कि समाज

को सशक्त और जागरूक बनाने के लिए महिलाओं का मजबूत और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है।

यदि महिलाओं को सही अवसर, शिक्षा और सुरक्षा मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बड़ी से

बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए परिवार और समाज दोनों

की सोच में सकारात्मक बदलाव आना जरूरी है।

रेनू कादियान ने कहा कि आज नशा समाज के सामने

एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, जिससे सबसे ज्यादा नुकसान परिवारों और खासकर महिलाओं

को उठाना पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को नशा मुक्त बनाने के

लिए जागरूकता अभियान चलाना समय की मांग है। इसी उद्देश्य से भगत सिंह फाउंडेशन लगातार

समाज में नशा मुक्ति और महिला जागरूकता को लेकर कार्य कर रही है।

रेनू कादियान ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन

का उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का

संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा

के लिए आगे आना चाहिए और बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे समाज

में सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें और महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता का संदेश फैलाएं।

जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज और देश भी मजबूत और समृद्ध

बनेगा। उन्होंने कहा कि महिला दिवस हमें यह प्रेरणा देता है कि हम हर दिन महिलाओं के

सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रयास करें और ऐसा समाज बनाएं जहां हर बेटी और

महिला गर्व और सम्मान के साथ अपना जीवन जी सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर