जींद : शराब की बोतल न देने पर पत्नी पर व मकान में पट्रोल छिड़क लगाई आग
जींद, 25 अगस्त (हि.स.)। गांव अहिरका में पत्नी ने शराब की बोतल नहीं दी तो खफा पति ने पत्नी तथा घरेलू सामान में आग लगा दी। जिसमें महिला झुलस गई और घरेलू सामान भी जल गया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति समेत दो के खिलाफ मारपीट करने, आगजनी की वारदात को अंजाम देने के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गांव अहिरका निवासी सिंदर की पत्नी रोशनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी लगभग छह साल पहले हुई थी। दो बच्चे भी हैं। 23 अगस्त देर रात को उसका पति शराब के नशे में धुत्त हो कर घर आया। फिर घर रखी शराब की बोतल के बारे में पूछा। उसके द्वारा बोतल की जानकारी न होने की बात कही तो सिंदर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद सिंदर घर के अंदर रखी दो लीटर पट्रोल वाली बोतल उठा कर पत्नी के साथ साथ घर में छिड़क दिया। जिसके बाद उसने आग लगा दी। जिसमें रोशनी झुलस गई और मकान में रखा सामान भी जल गया। बचाव में शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया और उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके गांव का ही अनूप उसके पति को भड़काता है। उसके उकसावे में आकर उसके पति सिंदर ने उस पर तथा घर में पेट्रोल छिड़क आग लगाई है।
सदर थाना पुलिस ने रोशनी की शिकायत पर आरोपित पति सिंदर तथा उसके दोस्त अनूप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी कमलदीप ने बताया कि अस्पताल में उपचाराधीन महिला ने पति तथा उसके दोस्त पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा