सिरसा: महिला से एक लाख रुपये लूटे, आरोपी चंद घटों में गिरफ्तार

 


सिरसा, 03 जून (हि.स.)। बैंक से पैसे निकलवाकर घर जा रही महिला से एक लाख रुपये लूट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार लिया है। पुलिस ने लूटी गई राशि भी बरामद कर ली है। आरोपी बैंक से ही महिला की रैकी कर रहा था और मौका पाते ही थैला छीनकर फरार हो गया। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बुधवार शाम घटना का खुलसा करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान सिरसा जिला निवासी हर्षदीप सिंह के रूप में हुई है। आरोपी बैंक में खाता खुलवाने के बहाने गया था।

डीएसपी ने बताया कि पीडि़त महिला केशर देवी ने पुलिस को शिकायत दी कि वह दोपहर को पीएनबीर बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकालकर रोड़ी बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान रानी ब्यूटी पार्लर के पास पीछे से एक स्कूटी सवार युवक आया और उसके हाथ से प्लास्टिक का थैला छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान बैग में रखे 50 हजार रुपए और मोबाइल फोन नीचे गिर गए, जबकि शेष एक लाख रुपए आरोपी लेकर भाग गया। पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के मामला दर्ज किया गया और तुरंत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षदीप सिंह कुछ ही घंटों में गरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसकी निशानदेही पर छीना-झपटी की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी से छीना-झपटी और अन्य अपराधों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma