पानीपत में गांजा समेत महिला तस्कर काबू,दो दिन के रिमांड पर
पानीपत, 29 जून (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को तीन किलो 952 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान अशोक विहार कॉलोनी निवासी नन्ही के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी टीम रविवार शाम को गश्त के दौरान बबैल रोड पर छोटूराम चौक के पास थी। टीम को तभी सूचना मिली की एक महिला कपड़े के बैग में मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए पुराना दलबीर नगर में बड़ी बिजली लाइन के पास घूम रही है।
सूचना को पुख्ता मानकर टीम में महिला एएसआई कविता को शामिल कर पुलिस टीम मौके पर दबिश दी। सामने चारपाई पर एक महिला बैठी दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर महिला चारपाई पर रखे बैग को छुपाने लगी। तत्परता से कार्रवाई करते हुए एएसआई कविता ने बैग सहित महिला को काबू किया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान नन्ही पत्नी इमरान निवासी बेरी वाली मस्जिद अशोक विहार कॉलोनी के रूप मे बताई।
पुलिस टीम ने महिला के बैग की तलाशी ली तो प्लास्टिक पन्नी में पैक काफी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर तीन किलो 952 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया वह शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए कुछ दिन पहले यूपी में एक युवक से पांच किलो गांजा कम कीमत पर खरीदकर लाई थी। जिसमें से उसने कुछ गांजा राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। आरोपी महिला के खिलाफ थाना किला में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर सोमवार को उसे न्यायायल में पेश किया जहा से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा