हिसार : हिमांशु एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप में करेगा भारत का प्रतिनिधित्व
हिसार, 30 सितंबर (हि.स.)। श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र के कक्षा
12वीं के प्रतिभाशाली छात्र हिमांशु का चयन डिस्कस थ्रो में भारत का प्रतिनिधित्व करने
के लिए एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 से
10 अक्टूबर तक मलेशिया में होगी और हिमांशु एक अक्टूबर को मलेशिया के लिए रवाना होगा।
हिमांशु के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन की खबर से श्रवण एवं वाणी निशक्त जन
कल्याण केंद्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिवार की ओर से बुधवार काे हिमांशु के सम्मान
में लड्डू बांटे गए। स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने उसे प्रतियोगिता में शानदार
प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक निदेशक अमित चौधरी ने हिमांशु को शॉल ओढ़ाकर
सम्मानित किया। उन्होंने हिमांशु को मलेशिया में शानदार प्रदर्शन करने तथा सुरक्षित
यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि विद्यालय और पूरे हिसार
के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक हरिओम कौशिक ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी और गर्व
है कि कक्षा 12वीं का छात्र हिमांशु अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर जिले और प्रदेश
का नाम रोशन करने के लिए मलेशिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमांशु अंतरराष्ट्रीय
मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और देश का नाम रोशन करेगा। हिमांशु की माता
सुमन देवी, जो इसी विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षिका हैं, भी बेटे की उपलब्धि से बेहद
खुश और गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि हिमांशु ने निरंतर मेहनत और अभ्यास के बल पर
यह मुकाम हासिल किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर