हांसी : राव तुलाराम का बलिदान देश की साझा विरासत, उनकी वीरगाथा युवाओं को देती रहेगी प्रेरणा : राव इंद्रजीत

 




हांसी में राव तुलाराम चौक, विशाल तिरंगे का उद्घाटन

और प्रतिमा का अनावरण, नेताओं ने 1857 के शहीदों को किया नमन

हांसी, 23 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री राव

इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि अमर शहीद राव तुलाराम का जीवन साहस, स्वाभिमान, त्याग और

राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राव तुलाराम

सहित देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर

किया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को जीवंत रखना और उनकी वीरगाथाओं को

भावी पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

राव इंद्रजीत सिंह बुधवार को हांसी के दिल्ली

रोड टी-प्वाइंट पर यादव सभा की ओर से निर्मित राव तुलाराम चौक के लोकार्पण, विशाल तिरंगे

के उद्घाटन और अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित समारोह को

संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की आजादी का इतिहास

किसी एक जाति, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है।

1857 के संग्राम में विभिन्न क्षेत्रों

और समाजों के लोगों ने मिलकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। राव तुलाराम जैसे

वीर योद्धाओं का बलिदान पूरे राष्ट्र की साझा विरासत है। उन्होंने सामाजिक एकता और

भाईचारा मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हांसी में राव तुलाराम की प्रतिमा

स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यादव सभा और भूमि उपलब्ध

करवाने वाले दानदाताओं का आभार भी जताया।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राव

तुलाराम जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की वीरगाथाएं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत

हैं। उन्होंने कहा कि हांसी में प्रतिमा और चौक का निर्माण केवल स्मारक नहीं, बल्कि

देशभक्ति, शौर्य और स्वाभिमान की भावना जागृत करने वाला प्रेरणास्थल है। उन्होंने

1857 के नसीबपुर संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें करीब 5 हजार देशभक्तों ने

शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि आज भी हांसी की लाल सड़क उस दौर के बलिदानों की याद दिलाती

है।

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि राव तुलाराम ने

देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। शहीदों का सम्मान केवल प्रतिमा स्थापित

करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना भी जरूरी है।

उन्होंने जाति और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक एकता मजबूत करने का आह्वान

किया।

विधायक विनोद भयाना ने कहा कि राव तुलाराम की

वीरता, त्याग और देशभक्ति हर भारतीय के लिए प्रेरणा का विषय है। हांसी की धरती पर उनकी

प्रतिमा स्थापित होना गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति को स्मारकों

तक सीमित रखने की बजाय उनके विचारों और आदर्शों को समाज के जीवन का हिस्सा बनाया जाना

चाहिए। उन्होंने यादव सभा, दानदाताओं और क्षेत्रवासियों का आयोजन के लिए आभार जताया।

समारोह में पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव, कुलदीप

यादव, आनंद यादव और प्रधान सुदेश यादव ने भी विचार रखे। इस अवसर पर विधायक विमला चौधरी,

विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव,

पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, साहिल भयाना, दिनेश भुटानी, दिनेश धवन, सुरजीत गुर्जर,

बीडीसी अध्यक्ष शीला यादव, धर्मबीर रतेरिया, पवन रापड़िया, अशोक ढालिया, प्रदीप मालड़ा,

महीपाल बड़दु सहित यादव सभा के पदाधिकारी, भाजपा नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर