झज्जर : गली में खड़ी पत्नी की आठ गोलियां मारकर हत्या

 


झज्जर, 03 मार्च (हि.स.)। जिला के गांव बिरधाना में उस समय दहशत फैल गई, जब एक व्यक्ति ने गली में खड़ी अपनी पत्नी की खुलेआम आठ राउंड गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वह कुछ रोज पहले ही एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। अब पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में उसकी तलाश शुरू कर दी है।

झज्जर पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिरधाना में यह वारदात सोमवार देर रात को हुई। यहां का निवासी संजय, अपनी पत्नी अंजली की गोली मारकर हत्या कर, घटनास्थल से फरार हो गया। उसने अपने घर के बाहर ही पत्नी पर लगातार आठ गोलियां चलाई। पत्नी के दम तोड़ने तक लगातार गोलियां चलाता रहा। पुलिस ने बताया कि संजय के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों के बीच घरेलू विवाद के चलते कहासुनी हुई। किसी विवाद में क्रोधित होकर संजय ने खौफनाक वारदात कर दी। गोली लगने से अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। संजय द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का असल कारण जानने के लिए पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

वारदात होने की जानकारी मिलते ही झज्जर से सहायक पुलिस उपायुक्त अनिल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर जरूरी साक्षी इकट्ठे किए। अपराध जांच एजेंसी और स्पेशल स्टाफ सहित कई पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। अंजली के परिजनों व ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज