हिसार : सातरोड़ खास में व्यक्ति की हत्या के मामले में पत्नी गिरफ्तार
भाई की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया था केस,
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
हिसार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नजदीकी गांव सातरोड़
खास में 42 वर्षीय महेश की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी सीमा को गिरफ्तार
किया है। पुलिस आरोपी महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों
का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच
की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई
की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता ने सोेमवार को बताया कि न्यू गीता
कॉलोनी, मिर्जापुर रोड निवासी सुरेश ने इस संबंध में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने
बताया कि उसका भाई महेश गांव सातरोड़ खास में पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान
में रहता था। महेश और उसकी पत्नी सीमा के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। शिकायतकर्ता
के अनुसार, उसे अपने भाई की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर महेश फोल्डिंग पर
मृत अवस्था में लेटा हुआ मिला। सुरेश के अनुसार उसे जानकारी मिली थी कि रात को महेश
और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। उसने संदेह जताया कि सीमा ने चोटें मारने और गला
दबाने से उसके भाई की हत्या की है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए
मामले की जांच शुरू की। अब मृतक की पत्नी सीमा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। पुलिस के
अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई
की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर