जींद में 40 घंटे से लापता मासूम का शव तालाब में मिला
जींद, 05 जून (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के पौली गांव में तालाब में डूबे अढाई वर्षीय मासूम के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मासूम बच्चा 40 घंटे से लापता था और शव तालाब से बरामद हुआ है। शुक्रवार को पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है।
जानकारी के अनुसार पौली गांव निवासी अढाई वर्षीय कार्तिक बुधवार शाम अपने घर के पास स्थित तालाब के निकट खेल रहा था। कुछ समय बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बच्चा तालाब में गिर गया है। घटना की सूचना तुरंत जुलाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से बच्चे की खोज शुरू कर दी। देर रात तक तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया गया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया। गुरुवार को पूरा दिन गोताखोर तालाब में बच्चे की तलाश में जुटे रहे लेकिन कोई सुराग नही लगा। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी तालाब के आसपास एकत्रित रहे। 40 घंटे बीत जाने के बाद मासूम का शव शुक्रवार को तालाब में तैरता मिला है। रात से ही तालाब को खाली किया जा रहा था। सूचना मिलते ही डीएसपी रिषभ सोढ़ी, थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पौली गांव निवासी मृतक मासूम के पिता आतिश ने बताया उसके घर में ढाई साल का लड़का था और एक छह माह की लड़की है। कार्तिक की मौत के बाद घर का चिराग बुझ गया। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा