यमुनानगर:विधायक का व्हाट्सएप अकाउंट हैक, लोगों से धनराशि मांगने के मैसेज भेजे
यमुनानगर, 15 जून (हि.स.) यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकरों ने उनके मोबाइल नंबर और पहचान का दुरुपयोग करते हुए अनेक लोगों को आर्थिक मदद के नाम पर धनराशि भेजने संबंधी संदेश प्रेषित किए। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ने नागरिकों से सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन से बचने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार रविवार को विधायक के एक परिचित को उनके नंबर से सहायता राशि उपलब्ध कराने संबंधी संदेश प्राप्त हुआ। संदेश की प्रकृति संदिग्ध प्रतीत होने पर संबंधित व्यक्ति ने सीधे विधायक से संपर्क किया। इसके बाद प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि व्हाट्सएप अकाउंट पर अनाधिकृत पहुंच बनाकर साइबर ठग उनके संपर्कों को संदेश भेज रहे हैं।
मामले की पुष्टि होते ही विधायक और उनके निजी सहायक ने विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों तथा व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए सार्वजनिक चेतावनी जारी की। लोगों से कहा गया है कि उनके नंबर से प्राप्त किसी भी धनराशि संबंधी अनुरोध पर विश्वास न करें और न ही किसी खाते में रकम हस्तांतरित करें। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी विभिन्न समूहों के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए।
साइबर अपराधियों ने विधायक की संपर्क सूची में शामिल कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और परिचित व्यक्तियों तक भी पहुंच बनाने का प्रयास किया। कुछ संदेशों में तत्काल आर्थिक सहयोग की मांग की गई थी। हालांकि समय रहते सूचना प्रसारित हो जाने के कारण किसी व्यक्ति के साथ वित्तीय धोखाधड़ी की पुष्टि नहीं हुई है। घनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि इस बारे में पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार