पश्चिमी विक्षोभ से बदला हरियाणा का मौसम, 16 अक्टूबर तक बारिश के आसार
उत्तरी व पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
से गिरा तापमान
12 अक्टूबर को भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना
हिसार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में पश्चिमी
विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। प्रदेश के विशेषकर उत्तरी और पश्चिमी
जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान
में गिरावट आई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 12 अक्टूबर को प्रदेश
में आंशिक बादल छाए रहने तथा हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की
संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम में आया यह बदलाव 13 अक्टूबर
तक रहने के आसार हैं। इसके बाद हवाओं की दिशा में बदलाव के साथ
उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 अक्टूबर
को एक और पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव
से 14 से 16 अक्टूबर के दौरान हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते
हैं। इस दौरान हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद मौसम फिर से खुश्क होने तथा
उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग
के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने रविवार काे बताया कि मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आया
है। उन्होंने किसानों व आम नागरिकों से बदले मौसम के अनुसार अपने कार्य करने की सलाह
दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर