हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि

 


पश्चिमी विक्षोभ के असर से 26 अक्टूबर तक बदला

रहेगा मौसम

40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती

हैं हवाएं

दिन के तापमान में दाे से तीन डिग्री तक गिरावट के

आसार

हिसार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में मौसम

ने एक बार फिर करवट ले ली है। शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाने

के साथ बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली।

हिसार में शाम को काली घटाएं छाने के

बाद बारिश हुई, जबकि सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।

हांसी में बूंदाबांदी दर्ज की गई, वहीं, झज्जर जिले के बिरोहड़, मालियावास, कालियावास

और आसपास के गांवों में सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।

मौसम में आए इस बदलाव से

प्रदेश के तापमान में गिरावट आने और सुबह-शाम ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान

केंद्र, चंडीगढ़ ने प्रदेश के नौ जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना

को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार,

जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत में मौसम का असर देखने को मिल सकता

है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति

घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम के अचानक बदलने से जहां लोगों

को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं बारिश और ओलावृष्टि से कृषि गतिविधियों

पर भी असर पड़ सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार विक्षोभ के आंशिक प्रभाव

से हरियाणा में 25 और 26 अक्टूबर को मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है। शनिवार देर रात

से हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी से बदलकर उत्तर-पूर्वी होने की संभावना है। इसके प्रभाव

से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ छिटपुट

बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं, वहीं 25 अक्टूबर की रात तक कई क्षेत्रों

में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हालांकि, बारिश का प्रभाव सभी जिलों में एक

जैसा रहने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बादल, बारिश

और हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। कुछ क्षेत्रों

में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने की संभावना है। इससे दिन के समय

मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। वहीं,

रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने के आसार जताए गए हैं।

26 अक्टूबर के बाद मौसम खुश्क रहने की संभावना

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग

के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 26 अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम आमतौर पर

खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती

हैं। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने के आसार हैं। ऐसे में लोगों

को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए भी बारिश और

ओलावृष्टि की संभावनाओं को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना मौसम की स्थिति के अनुसार

बनाना उपयोगी रहेगा। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आए इस बदलाव ने अक्टूबर

के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल दिया है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट

के साथ सर्दी की आहट और तेज होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर