रोहतक:बरसात से बदला मौसम का मिजाज, फसलों पर पड़ा प्रभाव
किसानों की बढ़ी चिंता, खराब फसलों के लंबित मुआवजे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
रोहतक, 20 मार्च (हि.स.)। जिले में रूक-रूक कर हो रही बरसात से मौसम का पूरी तरह से मिजाज बदल गया है, वहीं तापमान में भी काफी गिरावट आई है। बरसात व तेज हवाओं से गेहूं व सरसों की फसल को भी काफी प्रभाव पड़ा है, जिसके चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इसी तरह से अगर बारिश व तेज हवाएं चलती रही तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड सकता है। पहले भी हुई बेमौसम बरसात के कारण काफी फसल खराब हो गई थी और अभी तक खराब फसलों का लंबित मुआवजा भी सरकार द्वारा उन्हें नहीं मिला है। जिले में दो दिन से लगातार रूक रूक कर बरसात हो रही है।
बरसात के कारण पूरी तरह से मौसम ने करवट ले ली है और तेज हवाएं चलने के साथ ठंड दोबारा से बढऩे लगी है। लोगों का कहना है कि जनवरी माह में ठंड के मौसम में गर्मी का अहसास होने लगा था और अब मार्च माह में गर्मी के मौसम में ठंड का अहसास हो रहा है। बेमौसम बरसात के चलते लोगों को अपने कामकाज करने में परेशानियों का भी सामना करना पड़ा रहा है, वहीं किसान भी इस बरसात से पूरी तरह से परेशान है, क्योकि बरसात व तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी पक्की पकाई गेहूं व सरसों की फसल गिरने लगी है और अब फिर दोबारा से बरसात हुई तो फसल पूरी तरह से खराब हो जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार भी अभी दो तीन दिन मौसम में बदलाव व बरसात के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को किसान सभा ने भी फसल खरीद के दौरान मंडी में किसानों की परेशानी बढ़ाने वाले सरकार द्वारा हाल में जारी नए निर्देशों व लंबित खराब फसल मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया और मुख्यमंत्री के नाम सीटीएम को भी ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि एक तरफ वह प्राकृतिक आपदा से परेशान है और वहीं सरकार भी नए नए निर्देश जारी कर किसानों के लिए समस्याओं के पहाड़ खड़ा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल