नूंह के पुन्हाना में जलभराव से दुकानदार व राहगीर परेशान

 


नूंह, 04 सितंबर (हि.स.)। पुन्हाना नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर पालिका कार्यालय के सामने पिछले करीब एक माह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण पैदा हुई स्थिति के कारण दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं राहगीरों के लिए भी आवाजाही मुश्किल हो गई है।

नगर पालिका कार्यालय के नजदीक ही मस्जिद, बीडीपीओ कार्यालय और बस अड्डा स्थित होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क पर जमा गंदे पानी से लोगों को होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।

समस्या से परेशान दुकानदारों ने नगर पालिका सचिव को लिखित शिकायत देकर नाले की सफाई करवाने और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। दुकानदारों के अनुसार नगर पालिका की ओर से पानी निकासी के लिए मोटर लगाई गई है, लेकिन नाले में गंदगी और पानी जमा होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

शिकायतकर्ता हाजी असलम ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय के ठीक सामने लंबे समय से गंदा पानी जमा है। अधिकारियों और कर्मचारियों की नजरों के सामने समस्या होने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई करवाकर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आगामी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया