यमुनानगर में जल जीवन मिशन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे जल महोत्सव के तहत सोमवार को जिले की ग्राम पंचायत फतेहपुर में जल एवं सीवरेज समिति के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और वासो के सहयोग से किया गया। इसकी अध्यक्षता सरपंच अरविंद कुमार ने की, जबकि जिला सलाहकार रजनी गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सलाहकार रजनी गोयल ने कहा कि ग्राम पंचायत, जल एवं सीवरेज समिति तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के समन्वय से ही जल जीवन मिशन की योजनाओं का प्रभावी संचालन संभव है। उन्होंने समिति के सदस्यों से गांव में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और ग्रे वॉटर प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि समिति को गांव स्तर पर जल सुरक्षा एवं संरक्षण की योजना तैयार करनी चाहिए। साथ ही ग्रामीणों को नल कनेक्शन से संबंधित शुल्क और सुरक्षा राशि जमा कराने के लिए भी प्रेरित करना आवश्यक है। पानी, स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़े विषयों पर सामुदायिक जागरूकता बढ़ाना भी समिति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इसके अलावा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच फील्ड टेस्टिंग किट या प्रयोगशाला के माध्यम से कराई जानी चाहिए और संबंधित जानकारी आईएमआईएस पोर्टल पर दर्ज की जानी चाहिए।कार्यक्रम में वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण, जल गुणवत्ता, जल जनित रोगों की रोकथाम और जल के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला सलाहकार रजनी गोयल ने सरपंच अरविंद कुमार को ग्राम जल एवं सीवरेज समिति संचालन पुस्तिका भी भेंट की। उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और सभी को जल बचाने की शपथ दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार