यमुनानगर:जल संकट से निपटने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया

 


यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (वासो) की ओर से ‘जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सलाहकार रजनी गोयल ने की, जबकि जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र सिंह ने जल संसाधनों की सीमित उपलब्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उपलब्ध पानी का बहुत छोटा हिस्सा ही मानव उपयोग के योग्य है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जल आपूर्ति से जुड़े कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वितरण करने और अनावश्यक बहाव पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ पानी के दुरुपयोग, नालियों में बहाव और भूमिगत जल स्तर में गिरावट को गंभीर चिंता का विषय बताया। साथ ही जलभराव और गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय जल एवं सीवरेज समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और पंप संचालकों ने जल संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्धारित नियमों का पालन करते हुए जल की बचत और प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस दौरान जल संरक्षण विषयक लघु फिल्मों के माध्यम से भी प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। जिला सलाहकार रजनी गोयल ने जल सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए राजस्व संग्रह की अहमियत पर जोर देते हुए ग्रामीणों से समय पर जल शुल्क जमा कराने की अपील की। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल गुणवत्ता बनाए रखने और जलजनित रोगों से बचाव के उपायों पर भी जानकारी दी।कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को जल प्रबंधन से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं। आयोजन को ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार