सोनीपत में नकाबपोशों ने किसान को पीटकर एक लाख रुपये लूटे
सोनीपत, 09 जून (हि.स.)। सोनीपत
जिले के खेड़ी-निरथान मार्ग पर एक किसान से मारपीट कर करीब एक लाख रुपये लूटने का मामला
सामने आया है। घायल किसान का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस मामले
की जांच कर रही है।
जानकारी
के अनुसार गांव निरथान निवासी राजेश खेती-बाड़ी के साथ सोनीपत स्थित इंदिरा कॉलोनी
के बिजली कार्यालय में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं।
मंगलवार सुबह ड्यूटी पूरी कर
वह मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे। खेड़ी और निरथान के बीच दो मोटरसाइकिलों पर
सवार पांच नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। परिजनों के अनुसार राजेश ने युवकों
से उनकी पहचान पूछी और कहा कि कहीं वे किसी गलत व्यक्ति को तो नहीं समझ रहे हैं। इसके
बावजूद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राजेश को कमर, हाथ तथा शरीर
के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे तो
आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोप है कि हमलावर राजेश के करीब एक लाख रुपये भी लूटकर
ले गए। बताया गया है कि यह राशि बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड की किस्त जमा कराने के
लिए एकत्र की गई थी।
राजेश
के पुत्र हर्ष ने बताया कि आरोपियों में एक युवक का चेहरा खुला था, जबकि अन्य ने कपड़े
से चेहरे ढक रखे थे। परिवार का कहना है कि राजेश की किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं
है, जिससे घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती
कराया गया है।
पुलिस
जनसंपर्क अधिकारी एएसआई रविन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से मारपीट की शिकायत
प्राप्त हुई है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। घायल और परिजनों के बयान
दर्ज करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना