हिसार : कुलपति के दरवाजे पर चिपकाया ज्ञापन, अभाविप ने दी थाली-चम्मच बजाने की चेतावनी

 


मांगें पूरी होने तक शोधार्थियों के साथ खड़ी

रहेगी अभाविप : कमलदीप अत्री

हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में लंबित शोधार्थी निधि (यूआरएफ) और पीएचडी शुल्क

में कटौती की मांग पर चल रहे शोधार्थियों के धरने को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद

ने समर्थन दिया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रवेश तिथि से यूआरएफ देने, पीएचडी जमा कर

चुके पात्र शोधार्थियों की लंबित राशि जारी करने और पीएच.डी. शुल्क में कटौती की मांग

उठाई।

ज्ञापन लेने के लिए बुधवार काे लंबे इंतजार के बावजूद विश्वविद्यालय

प्रशासन की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। इसके बाद अभाविप कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन

कुलपति के दरवाजे पर चिपका दिया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं

हुआ तो विश्वविद्यालय प्रशासन को जगाने के लिए थाली-चम्मच बजाने का अभियान चलाया जाएगा।

अभाविप जीजेयू अध्यक्ष कमलदीप अत्री ने कहा कि

वह स्वयं शोधार्थी हैं और मांगें पूरी होने तक संगठन शोधार्थियों के साथ खड़ा रहेगा।

इकाई मंत्री निकुंज शर्मा ने कहा कि छात्रहित संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर सह मंत्री तरुण जांगड़ा ने कहा कि आर्थिक

और मानसिक दबाव के बीच शोधार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शोध की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

इस दौरान करण यादव, दीपांशु, मोहित, मनीष, गर्वित और हरदीप अत्री सहित अन्य कार्यकर्ता

मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर