नूंह: पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज में धरने पर बैठे स्टाफ-छात्रों से मिले जाकिर हुसैन

 


नूंह, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पल्ला स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) में विभिन्न समस्याओं को लेकर धरने पर बैठे कॉलेज स्टाफ और छात्रों के बीच बुधवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर बैठकर स्टाफ और छात्रों की समस्याएं सुनने का प्रयास किया तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

चौधरी जाकिर हुसैन ने कहा कि वे कॉलेज की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं और इसी उद्देश्य से पिछले करीब 20 दिनों में तीसरी बार कॉलेज पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले 17 सितंबर को कॉलेज पहुंचकर उन्होंने सैकड़ों छात्रों से संवाद किया था और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना था। छात्रों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल करीब आठ लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इसके अलावा कॉलेज स्टाफ के वेतन के लिए करीब 80 लाख रुपये मंजूर किए गए, जिससे स्टाफ को तीन-तीन माह का वेतन दिया गया है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई पिछली बैठक में सामने आई समस्याओं पर तेजी से काम चल रहा है। 22 सितंबर को कॉलेज का दौरा कर उन्होंने सुधार कार्यों का जायजा भी लिया था। कॉलेज और हॉस्टल में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य सुविधाओं में सुधार के लिए वक्फ बोर्ड के एक्सईएन जाकिर खान सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासक ने कहा कि बुधवार को वे स्टाफ और छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी वर्तमान समस्याएं जानने पहुंचे थे। उन्होंने छात्रों को सेमिनार हॉल में बैठकर बातचीत करने का सुझाव दिया, लेकिन छात्रों के आग्रह पर वे धरना स्थल पर बिछी दरी पर ही बैठ गए और उनकी बातें सुनने लगे। उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्र अपनी समस्याओं को लेकर संवाद करना चाहते थे, लेकिन कुछ लोगों द्वारा संवाद की प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न किया गया।

जाकिर हुसैन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कॉलेज को चलने नहीं देना चाहते और संस्थान की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को राजनीति का रूप देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान की आड़ में राजनीति करना उचित नहीं है और ऐसी कोशिशों से कॉलेज तथा विद्यार्थियों का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा संवाद के लिए तैयार हैं। छात्रों और स्टाफ की समस्याओं को सुनना तथा उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को किसी भी सूरत में बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा और छात्रों की मांगों के अनुरूप कॉलेज एवं हॉस्टल में सुधार कार्य जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया