नूंह में पांच हजार का वांछित इनामी आरोपी गिरफ्तार
नूंह, 18 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले की नगीना थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांच हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहीद निवासी मुल्थान, थाना नगीना, जिला नूंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे थाना नगीना में दर्ज हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को मोस्ट वांटेड घोषित किया गया था तथा उसकी गिरफ्तारी पर दक्षिण रेंज रेवाड़ी के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की ओर से 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ नगीना, नूंह और राजस्थान के भिवाड़ी सहित विभिन्न थानों में कुल 11 अन्य मामले दर्ज हैं। इनमें गौवंश संरक्षण कानून, गोकशी से जुड़े प्रकरण, पशु क्रूरता अधिनियम, चोरी, मारपीट तथा अन्य आपराधिक धाराओं के मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सहीद लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। नूंह पुलिस जिलेभर में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगीना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया