सिरसा: थानेदार की हत्या करने वाला भगोड़ा सिपाही गिरफ्तार
सिरसा, 02 जून (हि.स.)। पुलिस ने हत्या के मामले में 18 वर्षों से फरार चल रहे वांछित भगोड़े आरोपी सिपाही को पंजाब के मुक्तसर साहिब जिला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की तलाश पुलिस पिछले लंबे समय से कर रही थी। आरोपी अपनी पहचान और वेशभूषा बदलकर तथा बार-बार ठिकाने बदलकर कानून की गिरफ्त से बचता रहा, आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि सिविल लाइन थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ लगातार तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखबिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2002 में आरोपी जिला सिरसा में सिपाही के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पुलिस विभाग में एमटीओ के पद पर कार्यरत सहायक उप निरीक्षक सुबे सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से नहर में फेंक दिया था।
घटना के बाद सदर थाना सिरसा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी वर्ष 2008 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया था। एसपी ने बताया कि आरोपी पंजाब में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma