जींद : मुख्यमंत्री की विकास रैली से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा : विधायक रामकुमार गौतम
जींद, 24 मार्च (हि.स.)। सफीदों विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा है कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और चार अप्रैल को रैली के माध्यम से सफीदों क्षेत्र को भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। यह रैली हलका सफीदों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को चिन्हित कर उनकी एक व्यवस्थित सूची तैयार करके उन्हें सौंपें ताकि यह सूची रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके और क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा सके।
विधायक रामकुमार गौतम मंगलवार को विधानसभा के गांवों टीटोखेड़ी, करसिंधु, अंटा, बड़ौद, बसीनी, खातला, भुसलाना, डिडवाड़ा, निम्नाबाद, साहनपुर, सरनाखेड़ी सहित लगभग एक दर्जन गांवों में पहुंच कर गांववासियों से मांग पत्र लिया और आगामी चार अप्रैल को सफीदों की नई अनाजमंडी में मुख्यमंत्री नायब सैनी की विकास रैली का निमंत्रण दिया। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से यह रैली न केवल सफल होगीए बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव की व्यवहारिक मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को रैली स्थल तक लाने की व्यवस्था करें ताकि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और सफल बन सके। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी गांवों में विकास कार्य करवा रही है और भविष्य में भी इस दिशा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। यदि कहीं कोई कार्य अधूरा है या सुधार की आवश्यकता है तो उसे प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विकासकार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए लगातार नई-नई योजनाए बनाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा