श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने शुरू किए 12 नए कोर्स
-स्किल फैकल्टी ऑफ़ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज सहित तीन नई फैकल्टी भी शुरू
चंडीगढ़, 05 जून (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने इस सत्र में बीएससी नर्सिंग और बीएससी एग्रीकल्चर सहित 12 नए कोर्स प्रारम्भ किए हैं। स्किल फैकल्टी ऑफ़ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज सहित तीन नई फैकल्टी भी शुरू की गई है। देश की पहली स्किल यूनिवर्सिटी में अब कुल 65 कोर्स पढ़ाए जाएंगे। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने चंडीगढ़ में बताया कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में अब फैकल्टी की संख्या चार से बढ़ा कर सात कर दी गई है। मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज के अलावा इंट्रीडिस्क्लाइनरी स्टडीज और परफ़ॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट की फैकल्टी शुरू की गई हैं, जबकि ह्यूमैनिटीज़, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग फैकल्टी पहले से चल रही हैं। प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि इस सत्र में 12 ऐसे कोर्स शुरू किए गए हैं जिनकी जॉब मार्केट में जबरदस्त मांग है। इनमें बीएससी एग्रीकल्चर, बीएससी नर्सिंग, डिप्लोमा इन फार्मेसी, बी फार्मेसी, बीवॉक एयर कंडीशनिंग एन्ड रेफ्रिजरेशन, बीवॉक प्रिंटिंग एन्ड पैकेजिंग, बीवॉक इंटीरियर डिजाइन, बीवॉक फ्रेंच, बैचलर ऑफ़ परफार्मिंग आर्ट (म्यूजिक), बीएफए और एलएलएम शुरू किए गए हैं। बैचलर इन फिजियोथेरेपी प्रोग्राम भी शुरू किया जा रहा है, इसकी मान्यता की प्रक्रिया पूर्णता की ओर है।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम का इस विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में विशेष योगदान मिल रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कौशल विकास पर विशेष फोकस कर रहे हैं। इसी कड़ी में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में अब कुल सात संकाय हो गए हैं और इनमें सभी जॉब रेडी स्किल कोर्स शामिल किए गए हैं। सभी कोर्स में इंडस्ट्री पार्टनर्स भी जोड़े गए हैं, ताकि विद्यार्थी अपने कोर्स की आधी अवधि में इन इंडस्ट्री में जाकर ऑन द जॉब ट्रेनिंग कर सकें। इस दौरान उन्हें कोर्स के अनुसार सात से 35 हज़ार रुपए स्टाइपेंड भी मिलता है। यह पढ़ाई के साथ कमाई का अनोखा मॉडल है।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन में अपने योगदान के उद्देश्य से श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग वीएलएसआई और पीजी डिप्लोमा इन सेमीकंडक्टर डिवाइस पैकेजिंग शुरू किया है। साथ ही एयरलाइन्स के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाओं को देखते हुए बीबीए एयरलाइंस एन्ड एयरपोर्ट मैनेजमेंट तथा पीजी डिप्लोमा इन एयरपोर्ट ऑपरेशन एन्ड मैनेजमेंट शुरू किया है। इसमें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया इंडस्ट्री पार्टनर है। कुल मिलाकर हमारे 125 इंडस्ट्री पार्टनर हैं और 220 एमओयू हैं। इससे विद्यार्थियों को काफ़ी लाभ मिल रहा है। इसी वजह से प्लेसमेंट 80 प्रतिशत से अधिक रहता है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि इंडस्ट्री को जॉब रेडी मैनपावर देने के लिए प्रदेश का स्किल इकोसिस्टम मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय दोहरा एजुकेशन मॉडल इस दिशा में काफ़ी महत्वपूर्ण और सार्थक है। साथ उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में भी हम काम कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के 22 विद्यार्थियों ने अभी तक अपने स्टार्टअप रजिस्टर्ड करवाए हैं। आने वाले समय में इसके बड़े सुखद परिणाम सामने आएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा