जींद : दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हो रहा समान विकास : डा. कृष्ण मिड्ढा

 


जींद, 22 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा है कि वर्तमान केंद्र एवं प्रदेश सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिल रहा है।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा रविवार को गांव झांज खुर्द की चैपाल में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके साथ साथ उन्होंने झांज खुर्द, झांज कलां, बड़ौदी, बरसोला, दरियावाला, ढांडा खेड़ी, जाजवान, ईंटलखुर्द, ईंटल कलां, ईक्कस तथा जलालपुर खुर्द सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को पांच अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जींद में प्रस्तावित रैली में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है ताकि हर नागरिक को चिकित्सा, शिक्षा एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सहजता से मिल सकें। सामुहिक विकास के लिए मौजूदा राज्य सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि जींद विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और प्रत्येक गांव में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। विकास कार्यों को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठा कर प्राथमिकता दी गई है, जिससे हर वर्ग को समान अवसर मिल सके। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांवों में लंबित विकास कार्यों के अस्टीमेट शीघ्र तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। डा. मिड्ढा ने कहा कि गांवों का विकास भी शहरी तर्ज पर किया जा रहा है। गांवों में सड़कों, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जींद विधानसभा क्षेत्र विकास कार्यों में प्रदेश का अग्रणी क्षेत्र बनेगा। उन्होंने कहा कि झांज खुर्द व झांज कलां में आठ करोड़ रूपये की लागत से नया जलघर बनाया जाएगा ओर प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेजयल पहुंचाने के लिए गांव की गलियों में पाइप लाईन बिछाने का कार्य किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा