सिरसा: चाेरी की घटनाओं के खिलाफ ग्रामीणों ने दिया धरना, दुकानें रखी बंद
सिरसा, 10 मई (हि.स.)। जिले के कस्बा डिंग मंडी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों और दुकानदारों ने रविवार को प्रशासन के खिलाफ धरना देकर रोष जाहिर किया। विरोधस्वरुप दुकानें बंद रखी गई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया कि पुलिस वारदातों को रोकने में नाकाम साबित हुई है जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। धरने और बाजार बंद की सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश कुमार व डिंग थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि चोर अब छोटी-मोटी चोरी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि बड़ी घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि इससे पहले गांव में कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं जिसमें चोर पकड़े जाने के बावजूद चोरीशुदा सामान की पुलिस रिकवरी नहीं हो सकी है। इस तरह की घटनाओं से लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर हो रहा है।
ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय मांगा और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएसपी राजेश कुमार ने गांव के करीब 20 मौजिज व्यक्तियों के साथ बैठक कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत चर्चा की। बैठक में गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने, मुख्य चौक-चौराहों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने जैसे महत्वपूर्ण सुझावों पर सहमति बनी। डीएसपी ने ग्रामीणों से पुलिस कार्रवाई में सहयोग की अपील की, जिस पर ग्रामीणों ने भी पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma