जींद :एएनएम की छात्रा परीक्षा देने के बाद लापता, नहर में मिला शव

 


जींद 20 अगस्त (हि.स.)।राजकीय नर्सिंग कॉलेज सफीदों में एएनएम द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने आई गांव करसिंधु निवासी छात्रा रचना गुरुवार दोपहर परीक्षा के बाद लापता हो गई। लापता होने से पहले छात्रा ने अपनी मां के मोबाइल पर व्हाट्सऐप मैसेज भेजा, जिसमें उसने लिखा कि वह जिंदगी से खुश नहीं है और अब घर नहीं आ सकती। मैसेज मिलने के बाद परिजनों में अफरा तफरी मच गई और उन्होंने छात्रा की तलाश शुरू कर दी।

परिजनों ने छात्रा की सहेलियों से संपर्क किया तो बताया गया कि वह बस स्टैंड से बस में बैठकर चली गई थी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान छात्रा का बैग बुटाना ब्रांच नहर के किनारे पड़ा मिला। बैग मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ नहर पटरी पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास किया।

पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में रोष

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने सफीदों-पानीपत रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार और सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की। बाद में छात्रा का शव उरलाना के पास नहर से बरामद हुई। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा