जींद: जलघर की वॉल खराब हाेने पर गुस्साए ग्रामीणों ने जलघर पर जड़ा ताला
जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। गांव बधाना स्थित जलघर में करीब सात दिनों से वॉल खराब होने के चलते पीने के पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को जलघर पर ताला जड़ विभाग के खिलाफ रोष जताया। मामले की सूचना मिलते ही जलापूर्ति विभाग के जेई रोहित ने ग्रामीणों से फोन पर बात कर उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन देकर करीब एक घंटे से लगे ताले को खुलवाया।
ग्रामीणों का कहना था कि जलघर में नवीनीकरण के नाम पर एक करोड़ रूपये खर्च करने के बावजूद भी जलघर में फिल्टर, वाल जैसे उपकरण खराब हुए पड़े हैैं। जिससे ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों पर बिना काम के ही फर्जी बिल पास कर सरकार को करोड़ोंं रुपये का चूना लगाने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बधाना गांव स्थित जलघर में करीब सात दिनों से वाल खराब पड़ी हैं लेकिन विभाग के अधिकारी ठेकेदार द्वारा ठीक किए जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। ठेकेदार से मामले को लेकर बात की जाती है तो उनके द्वारा किसी रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर एक-दो दिन में वाल ठीक करने की बात कही जाती है। ऐसे करते-करते करीब सात दिन बीत चुके हैं लेकिन न तो विभाग ही वाल ठीक कर रहा है और न ही ठेकेदार। जिससे कारण पूरा गांव सात दिनों से पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहा है। गांव की महिलाएं पीने के पानी के लिए दूर-दराज खेतों का रूख कर रही है। जिसके कारण उनको मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलापूर्ति विभाग के जेई रोहित ने बताया कि वॉल ठीक कर दी गई है और फिल्टर भी जल्द ठीक होंगे ताकि एक फील्टर के खराब होने से दूसरे फिल्टर से ग्रामीणों को नहरी पानी दिया जा सके। ठेकेदार से भी मामले को लेकर बात की जाएगी। ग्रामीणों की पीने के पानी की समस्या का जल्द समाधान हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा