जींद : खरकभूरा-तारखा-काब्रच्छा व उदयपुर-मतलौड़ा के कच्चे रास्तों की जगह बनेगी पक्की सड़क

 


जींद, 12 अगस्त (हि.स.)। उचाना खंड के गांव खरकभूरा, तारखा, काब्रच्छा और उदयपुर गांव के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मार्केटिंग बोर्ड द्वारा गांवों को आपस में जोडऩे वाले कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा। दोनों सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खरकभूरा से तारखा होते हुए काब्रच्छा तक 12 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ 75 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई है। इसी प्रकार उदयपुर से मतलौड़ा तक करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। जिस पर दो करोड़ 50 लाख रुपये खर्च होंगे। दोनों सड़कों के निर्माण पर कुल चार करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगें। मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा और वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने बताया कि दोनों सड़कों की मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। कच्चे रास्ते होने के कारण ग्रामीणों, वाहन चालकों और खेतों में आने-जाने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

बारिश के दिनों में रास्ते दलदल में तब्दील होने से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता था। ग्रामीणों ने विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के समक्ष इन सड़कों को पक्का करवाने की मांग रखी थी। विधायक की अहम भूमिका से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। सड़क बनने से गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा और किसानों को खेतों तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी। बुधवार को जानकारी देते हुए मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ रोशन लाल ने बताया कि खरकभूरा से तारखा होते हुए काब्रच्छा तथा उदयपुर से मतलौड़ा जाने वाले कच्चे रास्तों पर सड़क निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। दोनों सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री का आभार जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा