जींद : सैनिक का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

 


जींद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के नंदगढ़ गांव निवासी सैनिक कृष्ण दलाल का रविवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सैनिक के अंतिम संस्कार के दौरान गांव का माहौल गमगीन रहा। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने गांव के वीर सैनिक को अंतिम विदाई दी। सेना के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार नंदगढ़ गांव निवासी 38 वर्षीय कृष्ण दलाल भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में अमृतसर के तोपखाना केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। करीब एक वर्ष पहले उन्हें कैंसर की बीमारी का पता चला था। इसके बाद उनका उपचार चंडी मंदिर स्थित कमांड अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली थी। सैनिक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को कृष्ण दलाल का पार्थिव शरीर सेना के जवानों की मौजूदगी में उनके पैतृक गांव नंदगढ़ लाया गया। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। हर किसी की आंखें नम थी।

अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद उनके दोनों बेटों ने पिता को मुखाग्नि दी। कृष्ण दलाल अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक छोटे भाई और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका छोटा भाई चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। कृष्ण दलाल के दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र सात वर्ष और दूसरे की उम्र पांच वर्ष है। सैनिक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सैनिक कृष्ण दलाल के अंतिम संस्कार में हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, नायब तहसीलदार सिराज खान, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, जुलाना विधायक विनेश फोगाट के पति सोमबीर राठी सहित जींद आईवीओ टीम के सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा