यमुनानगर में प्रशासन गांवों तक पहुंचा, रात्रि प्रवास में सुनी जन समस्याएं
यमुनानगर, 19 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिला प्रशासन ने जगाधरी खंड के गांव मैहलावाली में रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित कर सीधे ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल सहित अन्य अधिकारियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित खुले जन संवाद में लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण उनके द्वार पर ही हो। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक टीम गांवों में पहुंचकर न केवल शिकायतें सुन रही है, बल्कि योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सहायता केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई अनेक शिकायतों में से कई का तत्काल निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध तरीके से हल करने का आश्वासन दिया गया। बजट से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य बताया तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की। साथ ही उपस्थित लोगों को नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने समाज में बदलते परिवेश के बीच महिलाओं के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा को सशक्तिकरण का माध्यम बताते हुए बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने की आवश्यकता रेखांकित की। युवाओं को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की भूमिका भी अहम बताई। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचता दिखा। ग्रामीणों ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार