पलवल में हुआ ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का सफल आयोजन

 


पलवल, 16 जून (हि.स.)। केंद्र और राज्य सरकार का 12 वर्ष का गौरवशाली कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में किया गया, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को ‘विकसित भारत’ और ‘नशा मुक्त भारत-नशा मुक्त हरियाणा’ का संकल्प भी दिलाया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और आत्मनिर्भरता के जो नए आयाम स्थापित किए हैं, उनकी सराहना पूरी दुनिया में की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का लगातार तीसरी बार सत्ता में आना सरकार के प्रति जनता के विश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, डीआरडीए जिला परिषद, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग, परिवार पहचान पत्र, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि विपिन बैंसला ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग