हरियाणा विधानसभा सत्र : विस स्पीकर ने की राज्यपाल से मुलाकात

 


चंडीगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाए जाने का फैसला लिए जाने के साथ ही चंडीगढ़ स्थित विधानसभा सचिवालय में सत्र के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बुधवार को प्रदेश के राज्यपाल प्रो. असीम घोष से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान हरियाणा विधान सभा के 27 अप्रैल को होने वाले सत्र को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

विधान सभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को अवगत कराया कि हरियाणा मंत्री परिषद द्वारा 27 अप्रैल को विधान सभा का सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सत्र के संभावित कार्यों पर चर्चा की गई। इस सत्र में राज्य के महत्वपूर्ण विधायी एवं नीतिगत विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने इस संदर्भ में विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सत्र की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, सदस्यों की सुविधाओं तथा मीडिया समन्वय पर ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि सत्र की कार्यवाही निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा