विधानसभा में बाबा साहब अंबेडकर के नाम पर हंगामा

 

चंडीगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में गुरुवार को बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के नाम पर हंगामा हो गया। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा की टिप्पणी से सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया। सढ़ौरा विधायक रेणु बाला ने यमुनानगर में यूनिवर्सिटी बनाने और उसका नाम भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखने की मांग की। इस पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि यूनिवर्सिटी बनाने का विचार ही नहीं है, तो नामकरण का क्या सवाल! अब इन्हें भारत रत्न याद आ रहे हैं। बस, इतना कहना था कि विपक्ष भडक़ उठा। बाबा साहब के नाम पर की गई टिप्पणी को लेकर सदन में शोर बढऩे लगा।

सदस्य अपनी-अपनी सीटों से खड़े होकर विरोध जताने लगे। स्पीकर हरविंद्र कल्याण को दखल देना पड़ा। उन्होंने कहा कि नामकरण पर हंगामा करने का मतलब नहीं है। सबसे अहम सवाल ये है कि यूनिवर्सिटी बनेगी या नहीं। बाबा साहब सबके आदर्श हैं, जरूरत उन्हें पढऩे और उनके रास्ते पर चलने की है। इसके बाद भी विपक्ष शांत नहीं हुआ और कुछ देर तक सदन में गहमा-गहमी जारी रही।

प्रश्नकाल में जुलाना विधायक विनेश फोगाट ने अपने इलाके में जलभराव की समस्या का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने हाथ में फोटो दिखाते हुए कहा कि लोग घरों से पानी बाल्टियों से निकालने को मजबूर हैं, हालात बेहद खराब हैं। कैबिनेट मंत्री कृष्ण पाल पंवार ने कहा कि गांव निचाई में है, इसलिए पालिका का पानी वहीं इकट्ठा हो जाता है। कमेटी बना दी गई है और समाधान पर काम चल रहा है। तभी माहौल थोड़ा हल्का हुआ जब स्पीकर ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मंत्रीजी, विनेश का खास ख्याल रखें।’ इस पर सदन में हल्की हंसी भी सुनाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा