हरियाणा विधान सभा के अधिकारियों को मिलेगी एआई की ट्रेनिंग
चंडीगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा के प्रथम
और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह तकनीकी प्रशिक्षण हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के पंचकूला
के सेक्टर 25 स्थित केंद्र में 9 और 10 अप्रैल को करवाया जाएगा।
प्रशिक्षण प्रतिदिन
लगभग 4
घंटे की अवधि का होगा, जिसमें दो बैच बनाए गए
हैं। पहला बैच सुबह
9:15 बजे से शुरू होगा जबकि दूसरा बैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। सभी प्रतिभागियों
को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रथम बैच के लिए सुबह 9:00
बजे तथा द्वितीय बैच के लिए दोपहर 1:00 बजे
निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। इस प्रशिक्षण का निर्णय हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा हिपा महानिदेशक मनोज यादव के बीच हुई बैठक में लिया गया। सभी संबंधित अधिकारियों
को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान बिना किसी
अत्यावश्यक कारण के अवकाश न लें, क्योंकि यह प्रशिक्षण
अनिवार्य है। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था हरियाणा
लोक प्रशासन संस्थान द्वारा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा