सोनीपत: विक्की हत्याकांड में दोस्त ही निकले हत्यारोपी, गला काटकर शव पुलिया में फेंका था
सोनीपत, 09 सितंबर (हि.स.)। बीती एक अगस्त
को दो दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने गए सोनीपत के युवक विक्की की हत्या का करीब
40 दिन बाद एसीपी राजपाल ने बुधवार को खुलासा
किया है। हरिद्वार से लौटने के बाद उसके दोस्त विक्रम और प्रीतम उसे दोबारा घर से अपने
साथ ले गए थे। इसके बाद विक्की घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। परिजनों
की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की तो दोनों दोस्तों पर शक गहराया। पूछताछ में दोनों
ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर गोहाना में पानीपत बाईपास के पास
पुलिया के नीचे से विक्की का शव बरामद किया गया। लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव
कंकाल में बदल चुका था।
एसीपी
राजपाल ने बताया कि इंदिरा गढ़ी निवासी संजय ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका भतीजा
विक्की एक अगस्त को विक्रम और प्रीतम के साथ हरिद्वार गया था। वापस आने के बाद दोनों
उसे घर से बुलाकर ले गए। इसके बाद वह वापस नहीं आया। परिजनों ने तलाश के साथ मोबाइल
पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद मिला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों दोस्तों से
पूछताछ की और संदेह के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस
के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हरिद्वार घूमने के दौरान प्रीतम के
18 हजार रुपये गुम हो गए थे। उसे शक था कि रुपये विक्की ने चोरी किए हैं। इसी बात को
लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने विक्की की हत्या की योजना बनाई और 10 रुपये में चाकू खरीदा।
इसके बाद उसे अपने साथ ले जाकर चाकू से गला काट दिया और शव पानीपत बाईपास के पास पुलिया
के नीचे फेंक दिया।
एसीपी
ने बताया कि शव की हालत खराब होने से पहचान मुश्किल
थी। शव को खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पोस्टमार्टम
के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी। विक्की
के छोटे भाई अक्षय के अनुसार दोनों आरोपियों ने दो या तीन अगस्त के आसपास हत्या की
थी। शव के ऊपरी हिस्से से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान हुई। करीब 35 वर्षीय
विक्की ड्राइविंग का काम करता था।
पुलिस
ने रूखी गांव और भटगांव निवासी विक्रम व प्रीतम को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय
में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस हत्या की पूरी साजिश, दोनों की भूमिका और वारदात
से पहले व बाद में उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना