जींद : एचपी गैस प्लांट के पास गैस टैंकर में लगी भीषण आग
जींद, 21 नवंबर (हि.स.)। रोहतक रोड स्थित एचपी गैस प्लांट के निकट शुक्रवार देर रात कुछ दूरी पर खड़े गैस टैंकर में भीषण आग लग गई। आग से आसपास क्षेत्र में हडकंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग को बढ़ता देख आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां बुला कर आग पर काबू पाया गया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
टैंकर में लगी आग को देखते हुए कुछ समय के लिए जींद-रोहतक मार्ग को बंद कर दिया गया। शहर के अंदर आने वाले व्हीकलों को बाईपास से डायवर्ट कर दिया गया। शुक्रवार रात एचपी गैस प्लांट के पास गैस टैंकर खड़ा था। इसी दौरान टैंकर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैस टैंकर में आग लगने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग को देखते हुए स्थानीय दमकल विभाग ने तुरंत अतिरिक्त सहायता मांगी।
इसके बाद जींद सहित आसपास के जिलों से दमकल की दर्जनों गाडिय़ां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने लगातार प्रयास करते हुए घंटों बाद आग पर काबू पाया। गैस टैंकर में आग लगने के पीछे गैस चोरी करने की बात सामने आ रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों और गैस चोरी की आशंका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस और संबंधित विभागों की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। जींद में एचपी गैस प्लांट के नजदीक हुई इस घटना ने एक बार फिर ज्वलनशील गैस के परिवहन और भंडारण से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की अहमियत को सामने ला दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा