सिरसा: वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, आठ दोपहिया वाहन बरामद
सिरसा, 08 जून (हि.स.)। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से आठ दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। डीएसपी सुखबीर सिंह ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान सिरसा जिला निवासी गौरव व जुगल किशोर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सिरसा निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने शहर सिरसा की कोर्ट कॉलोनी, सांगवान चौक, नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली तथा रानियां थाना क्षेत्र से वाहन चोरी की कई वारदातें कबूल कीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल व तीन चोरीशुदा इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद कर ली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों युवक नशा करने के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा, जबकि नाबालिग को ऑब्जर्वेशन होम करनाल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma